NIT-4 स्थित सरकारी ट्यूबवेल परिसर में युवक की हत्या, थाना एसजीएम नगर की त्वरित कार्रवाई, आरोपित गिरफ्तार
पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी...

फरीदाबाद : थाना एसजीएम नगर पुलिस ने NIT-4 स्थित सरकारी ट्यूबवेल परिसर में पम्प ऑपरेटर की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटे बाद ही 15 जुलाई को ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान सोनू कुमार निवासी गांव शाहपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) हाल पटेल चौक के पास, एसजीएम नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिसको एक दिन पुलिस रिमांड पर लेकर वारदात में प्रयोग हथियार को बरामद करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोनू बिजली ठीक करने का काम करता है, उसने टाउन नंबर चार स्थित ट्यूबवेल पर भी बिजली का काम किया था। इस दौरान उसकी जयप्रकाश से जान-पहचान हुई थी। 14/15 जुलाई की रात दोनों ट्यूबवेल परिसर में पार्टी कर रहे थे, किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित सोनू ने ट्यूबवेल पंप खोलने वाले एक लोहे के उपकरण (टी) से जयप्रकाश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 15 जुलाई को मृतक के भाई मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई जयप्रकाश, NIT-4 स्थित सरकारी ट्यूबवेल पर पम्प ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था, 14/15 जुलाई की रात को उसके भाई जयप्रकाश की सोनू ने सिर व मुंह पर चोट मार कर हत्या कर दी है। जिसकी शिकायत पर थाना एसजीएम नगर में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



