₹5,000 का इनामी आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की बड़ी कार्रवाई

सांई कॉलोनी में सूआ मारकर युवक की हत्या के षड्यंत्र में था शामिल, एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने थाना खेड़ीपुल में दर्ज हत्या के एक मामले में फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी आरोपी शाईन पासी, निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद, हाल झुग्गी, सेक्टर-29 पुल के निकट, फरीदाबाद को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी हत्या के मामले में षड्यंत्र रचने में शामिल था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर फरीदाबाद पुलिस द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना तथा लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर 23 जुलाई को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह दिल्ली में छिपने के बाद फरीदाबाद आया था।

प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शाईन पासी ने मृतक विरेश उर्फ नन्हे को कुछ रुपये दे रखे थे। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो विरेश ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया और उसे धमकी भी दी। इसी के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विरेश की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत उसने विरेश पर हमला करने के लिए पांच व्यक्तियों को भेजा। इन सभी हमलावरों को फरीदाबाद पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

बता दें कि घटना 11 मई 2026 की है। थाना खेड़ीपुल क्षेत्र स्थित सांई कॉलोनी, मवई निवासी विरेश उर्फ नन्हे अपने भाई मुकेश तथा अन्य लोगों के साथ घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर पांच आरोपी—अमित उर्फ मोटा, शिवम, अमित, अभिषेक और प्रवीन—मौके पर पहुंचे और विरेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान प्रवीन ने विरेश पर सूआ से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार घटना के संबंध में मृतक के भाई मुकेश की शिकायत पर 12 मई को थाना खेड़ीपुल में मामला दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान 13 मई 2026 को विरेश की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।

गिरफ्तार आरोपी शाईन पासी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान हत्या की साजिश, घटना में उसकी भूमिका, आर्थिक लेन-देन तथा वारदात से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!