टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने के नाम पर ₹3.22 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना NIT की कार्रवाई, ठगी की राशि में से ₹7,000 आरोपी के बैंक खाते में हुए थे ट्रांसफर

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर ₹3,22,000 की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए बैंक खाताधारक सहित दो आरोपियों को गांव जमाराखिया पंजाब से 26 जुलाई को काबू किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि NIT क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके टेलीग्राम पर एक अज्ञात नंबर से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने टेलीग्राम पर विभिन्न टास्क पूरे कर मोटी कमाई कराने का लालच दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर भरोसा बनाया गया और बाद में प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर निवेश करने के लिए कहा गया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 16 व 17 नवंबर, 2025 को कुल ₹3,22,000 निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही उसकी जमा राशि वापस की गई। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तरसेम (23), निवासी फिरोजपुर, पंजाब तथा राकेश (26), निवासी फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तरसेम बैंक खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता राकेश को उपलब्ध कराया था, जबकि राकेश ने यह खाता आगे साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की राशि में से ₹7,000 उक्त बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बैंक खाते के संबंध में फाजिल्का, फरीदाबाद और बेलगांव से कुल तीन साइबर शिकायतें दर्ज हैं।

प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार तरसेम 12वीं पास है और अपने गांव में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालित करता है। वहीं राकेश बी.एड. पास है।

दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा, घर बैठे कमाई या निवेश पर अधिक रिटर्न जैसे किसी भी प्रस्ताव के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन पैसे निवेश न करें और न ही अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम साइबर थाना अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!