फर्जी दस्तावेज तैयार कर दुकानों को बेचने का किया था एग्रीमेंट, एक आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद : एसआरएस टावर सेक्टर 31 में स्थित दो दुकानों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर, उनको बेचने के लिये एग्रीमेंट करने मामले में EOW सेंट्रल की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान राकेश कुमार निवासी जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2, साउथ दिल्ली के रूप में हुई है। जिसको 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर शाखा की टीम आगे की कार्रवाई कर रही है…

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपित राकेश कुमार ने एसआरएस टॉवर में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत अमरकेश की सहायता से शिकायतकर्ता की दुकानों से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किये और इन्हीं कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शिकायतकर्ता की दोनों दुकानों को नोएडा निवासी कैलाश को बेचने के लिये एग्रीमेंट किया और कैलाश से 15 लाख रुपए ले लिये।

उन्होंने आगे बताया कि आरोपित एसआरएस टावर में ही ए.सी. ठीक करने का काम करता था। उसने जनरल मैनेजर अमरकेश से मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। जनरल मैनेजर अमरकेश की माननीय उच्च न्यायालय से जमानत मंजूर हो चुकी है।

बता दें कि रोहिणी, दिल्ली निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एसआरएस टॉवर, मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास, सेक्टर-31, फरीदाबाद स्थित दुकान/यूनिट नंबर 240-241 की मालिक हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में उक्त संपत्ति खरीदी थी और उनका लगातार कब्जा है। वह नियमित रूप से संपत्ति से संबंधित टैक्स, मेंटेनेंस शुल्क एवं अन्य देय का भुगतान करती रही हैं और समय-समय पर दुकानों को किराये पर भी दिया है। मई 2026 में नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) से उन्हें सूचना मिली कि उनकी संपत्ति पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फर्जी एवं बनावटी दस्तावेज तैयार कर उनकी संपत्ति पर अवैध दावा करने का प्रयास किया गया। शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज EOW सेंट्रल को जांच सौंपी गई थी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!