जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर परामर्श शिविर का आयोजन किया

परामर्श शिविर में लगभग 100 विद्यार्थियों ने परामर्श शिविर का लाभ उठाया

फरीदाबाद, 6 अगस्त : विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के स्वास्थ्य केंद्र द्वारा ‘मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता – लक्षित हस्तक्षेप’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन मेट्रो अस्पताल, सेक्टर-16, फरीदाबाद के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का सफल समन्वयन विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेट्रो अस्पताल की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. स्वाति शर्मा का विशेषज्ञ व्याख्यान रहा। अपने व्याख्यान में डॉ. स्वाति शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, तनाव की पहचान, तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय, माइंडफुलनेस तकनीकों, समय प्रबंधन तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते विशेषज्ञ परामर्श लेने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यवहारिक एवं उपयोगी सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को डॉ. स्वाति शर्मा द्वारा व्यक्तिगत मनोवैज्ञानिक परामर्श (वन-टू-वन काउंसलिंग) की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें अपनी व्यक्तिगत समस्याओं एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस पहल से लगभग 100 विद्यार्थियों ने लाभ उठाया। विद्यार्थियों को मानसिक तनाव के प्रभावी प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा नियमित स्वास्थ्य निगरानी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जो शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना कर रहे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई।

विश्वविद्यालय का स्वास्थ्य केंद्र समय-समय पर स्थानीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहता है, ताकि परिसर में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सके तथा विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!