साइबर ठगों पर फरीदाबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, एक सप्ताह में 35 गिरफ्तार
साइबर अपराधियों से 23.38 लाख रुपये बरामद, 12.30 लाख रुपये खातों में फ्रीज

- तीनों साइबर थानों ने 7 मामलों में की कार्रवाई, 384 साइबर शिकायतों का निस्तारण
फरीदाबाद : साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने एक सप्ताह के दौरान साइबर ठगी करने वाले अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 के बीच की गई इस कार्रवाई में साइबर अपराधियों के कब्जे और उनके नेटवर्क से जुड़ी जांच के दौरान 23 लाख 38 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 12 लाख 30 हजार 610 रुपये की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई है।
उन्होंने आगे बताया कि एक सप्ताह के दौरान फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने 7 अलग-अलग मामलों में 35 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जिनमें साइबर थाना एनआईटी के 3, साइबर थाना सेंट्रल के 2 तथा साइबर थाना बल्लभगढ़ के 2 मामले शामिल हैं।
पुलिस टीमों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठगी से संबंधित रकम की बरामदगी के साथ-साथ साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों एवं अन्य माध्यमों की भी जांच की। पुलिस का उद्देश्य साइबर ठगी करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ उनके पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।
साइबर थानों की टीमों द्वारा केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई, बल्कि आमजन से प्राप्त साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर भी तेजी से कार्रवाई की गई। इस दौरान 384 शिकायतों का निस्तारण करते हुए कुल 12,30,610 रुपये की ठगी की राशि खातों में फ्रीज कराई गई।
हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त साइबर साइबर ने बताया कि ठगी के मामलों में समय पर सूचना मिलने पर ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए पीड़ितों को बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। साइबर ठगी पर तुरंत कार्रवाई के लिए 1930 पर कॉल करें।
उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, सीवीवी, बैंक पासवर्ड, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या लालच देने वाले निवेश, नौकरी, लोन अथवा अन्य ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ आमजन की जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
35 साइबर आरोपियों की गिरफ्तारी
एक सप्ताह के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कविराज पटेल, अमित कुमार, मोहम्मद कामरान, अरीब, हरदीप, वैध चंद्र, मोहम्मद फैजान, अरुण, केशव, आकाश शुक्ला, आदर्श सिंह, अंकित कनोजिया, दक्ष कालड़ा, राजा पासवान, शाकिर, आसिफ, अमान, फैजान, नितिन, गगन, हिमालय, हर्ष, जगमोहन, अभिजीत, अजय, तरुण, आशीष सहारे, रिंकू, नवीन, अरुण कुमार, मेघराज, दीपक बंसल, राकेश, विजय एवं संदीप शामिल हैं।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।



