अल-फलाह विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया

स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, अनुशासन और सेवा भावना से प्रेरणा लें युवा: प्रो. अजय रँगा

  • ‘वंदे मातरम्’ के गायन से गूंजा परिसर, समारोह में दिखा देशभक्ति का विशेष उत्साह

फरीदाबाद : अल-फलाह विश्वविद्यालय, फरीदाबाद तथा इसके संबद्ध संस्थान अल-फलाह यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कुलगुरु प्रो. अजय रँगा ने ध्वजारोहण किया तथा स्टूडेंट वालंटियर्स द्वारा प्रस्तुत मार्च-पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Screenshot

समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. रँगा ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, अनुशासन और सेवा भावना से प्रेरणा लेते हुए ज्ञान, नवाचार, अनुसंधान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. मेहा शर्मा एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए प्रो. रँगा ने कहा कि पिछला वर्ष अल-फलाह विश्वविद्यालय के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन मार्च 2026 में हरियाणा सरकार द्वारा विश्वविद्यालय को अपने प्रशासनिक नियंत्रण में लिए जाने के बाद संस्थान एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विश्वविद्यालय में संस्थागत स्थिरता, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा शैक्षणिक प्रशासन को मजबूती मिली है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के संचालन एवं शैक्षणिक प्रशासन को सुदृढ़ करने के लिए जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद से प्रतिनियुक्त वरिष्ठ नेतृत्व टीम सहयोग प्रदान कर रही है। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं तथा फैकल्टी एवं स्टाफ भर्ती, सुरक्षा एवं संरक्षा, विश्वविद्यालय एवं अस्पताल प्रबंधन तथा स्टाफ की शिकायतों से संबंधित विषयों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रो. रांगा ने विश्वविद्यालय के 70 एकड़ के परिसर, आधुनिक अवसंरचना, प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं तथा 700-बेड वाले अल-फलाह चैरिटेबल मेडिकल हॉस्पिटल की क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों से सामूहिक प्रयासों के साथ विश्वविद्यालय को शैक्षणिक एवं अनुसंधान उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

समारोह में आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों सहित विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण उत्पन्न किया।

राष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुरूप राष्ट्रगान से पूर्व राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुलसचिव डॉ. मेहा शर्मा के समग्र मार्गदर्शन में किया गया तथा अंत में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!