साइबर थाना NIT की साइबर अपराधियों पर कार्रवाई, अलग-अलग मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद, 24 अगस्त : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराध के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने अलग-अलग साइबर ठगी के तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा फर्जी कस्टमर केयर नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने की बात सामने आई है।
ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर 55,868 रुपये की ठगी
ऑनलाइन ऐप के माध्यम से लोन दिलाने का झांसा देकर 55,868 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने सौरभ कुमार और धनंजय चौधरी, निवासी नालंदा, बिहार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ‘क्रेडिट बी’ (Credit Bee) के नाम से फर्जी कस्टमर केयर पेज तैयार कर उसे गूगल पर अपलोड किया हुआ था। शिकायतकर्ता ने पहले से चल रहे लोन के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और आरोपियों से संपर्क किया।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता से उसकी व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त करने के बाद ऑनलाइन ऐप के माध्यम से नए लोन की प्रक्रिया पूरी करवाई। बाद में जब शिकायतकर्ता ने लोन लेने की आवश्यकता नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसे लोन की राशि वापस एक वॉलेट अकाउंट में भेजने के लिए कहा। शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए तरीके के अनुसार राशि भेजे जाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ साइबर ठगी कर ली।
साइबर थाना NIT की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर 9.66 लाख रुपये ठगे
दूसरे मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9,66,000 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में रिठाला, दिल्ली निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी महिला ने साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। इसके खाता में साइबर ठगी की रकम में से दो लाख रुपये प्राप्त हुए थे। महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक किया, 90 हजार रुपये की ठगी
तीसरे मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने APK फाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करने तथा 90,000 रुपये की साइबर ठगी के मामले में प्राशुन निवासी एटा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वृंदावन में होटल चलाता है और साइबर ठगी के इस मामले में खाताधारक की भूमिका में था। आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था। साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त 90,000 रुपये की राशि आरोपी के बैंक खाते में आई थी।जिसको 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



