एनआईटीटीटीआर के डायरेक्टर ने मीडिया विभाग का किया दौरा, अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो को सराहा
जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने प्रो.बी.आर.गुर्जर को वंदे मातरम गीत फ्रेम भेंट किया

- सक्षम विद्यार्थी ही ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में मुख्य भूमिका निभाएंगे: प्रो.अजय रँगा
- मीडिया शिक्षा क्षेत्र की फैकल्टी, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों के लिए यह पहल नया मील का पत्थर साबित होगी: प्रो.पवन सिंह
फरीदाबाद, 24 अगस्त : राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर), चंडीगढ़ के निदेशक प्रो. भोला राम गुर्जर ने जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित डिजिटल स्टूडियो और मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर का बारीकी से निरीक्षण किया। कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने डायरेक्टर प्रो.बी.आर.गुर्जर को पटका एवं वंदे मातरम गीत का सुंदर फ्रेम स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण के उपरांत प्रो.भोला राम गुर्जर ने विश्वविद्यालय के मीडिया लैब और डिजिटल स्टूडियो की विश्वस्तरीय सुविधाओं तथा बेहतरीन टेक्नोलॉजी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लैब्स में जितना अधिक समय व्यतीत करेंगे, वे उतना ही व्यावहारिक ज्ञान सीख पाएंगे। आज के आधुनिक दौर में किताबी ज्ञान से अधिक तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान की आवश्यकता है।
कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने कहा कि जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,वाईएमसीए का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ साथ व्यावहारिक दक्षता अधिक से अधिक सीखें क्योंकि तकनीक से पूरी तरह लैस विद्यार्थी ही भविष्य में ‘विकसित भारत’ के निर्माण में उपयोगी सिद्ध होंगे।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने बताया कि एनआईटीटीटीआर चंडीगढ़ और जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग के बीच फैकल्टी और स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। दोनों संस्थानों के मध्य भविष्य की संभावनाओं और संयुक्त योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस पहल से मीडिया शिक्षा क्षेत्र की फैकल्टी, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों के लिए शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर की उपलब्धता को एक संयुक्त और बेहत मंच प्राप्त होगा।
दोनों संस्थानों के पदाधिकारियों ने सहमति व्यक्त की कि वे मीडिया, संचार और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में संकाय और छात्रों के व्यापक हित में मिलकर बेहतरीन योजनाओं पर कार्य करेंगे। इस अवसर पर विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ.अखिलेश त्रिपाठी ने डायरेक्टर प्रो.भोला राम गुर्जर को डिजिटल स्टूडियो लैब का भ्रमण कराया। इस अवसर पर डायरेक्टर प्रो.गुर्जर ने मीडिया विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके द्वारा तैयार किए गए वीकली न्यूज़ बुलेटिन, स्पेशल शो, इंटरव्यू, संचार न्यूज़ पत्र, न्यूज़ लैटर, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और एडिटिंग को बड़े ध्यान से देखा और उनके बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की।



