राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी के गठन का ऐलान, राष्ट्रहित और जनहित की राजनीति को मजबूत करने का संकल्प

फरीदाबाद : देश में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। फरीदाबाद में आयोजित पार्टी की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुंवर विकास चौहान ने पार्टी के गठन की घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी देशहित जनहित और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर रही है।

कुंवर विकास चौहान ने कहा कि आज देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो जनता की आवाज को प्राथमिकता दे, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करें और आम नागरिकों के हितों के लिए ईमानदारी से काम करे। राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी इसी उद्देश्य के साथ देश की राजनीति में अपना स्थान बनाने के लिए आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का विशेष फोकस युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, महिला और आम नागरिक से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। देश के युवाओं को बेहतर अवसर, किसानों को सम्मानजनक जीवन, आम जनता को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं और शासन में पारदर्शिता पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल होंगी।

जनता की आवाज को राजनीतिक मंच देना हमारा उद्देश्य
कुंवर विकास चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी केवल चुनाव लडऩे के उद्देश्य से नहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक एवं सामाजिक विकल्प तैयार करने के संकल्प के साथ अस्तित्व में आई है। पार्टी देश के विभिन्न राज्यों में अपना संगठन खड़ा करेगी और जमीनी स्तर पर जनता से संवाद स्थापित करेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी भारतीय संस्कृति, राष्ट्र की एकता-अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगी तथा जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती के साथ उठाएगी।

देशभर में संगठन विस्तार की तैयारी
प्रेस कॉफ्रेंस में बताया गया कि पार्टी आगामी दिनों में देश के विभिन्न राज्यों, जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार की प्रक्रिया शुरू करेगी। बड़ी संख्या में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोडऩे की योजना बनाई जा रही है।
कुंवर विकास चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी जनता की शक्ति को राष्ट्र की शक्ति में बदलने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। हमारा उद्देश्य एक ऐसा मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करना है, जिसमें राष्ट्रहित और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के इस प्रयास में सभी वर्गों के लोग आगे आएं और सकारात्मक एवं जनहितकारी राजनीति को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!