3 दिन में 158 आरोपी गिरफ्तार, 69 उद्घोषित अपराधी व जमानत तर्क पर कार्रवाई, 26 गुमशुदा को परिजनों से मिलाए
246 बोतल अवैध देसी शराब व 40 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, 1080 प्रतिबंधित स्पास्कोर वान प्लस टैबलेट्स तथा जुआ के ₹21,610 बरामद

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद, सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा 28 से 30 अगस्त तक 3 दिन का विशेष वीकेंड अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब तस्करों, जुआ तथा उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न थाना, अपराध शाखा व स्पेशल टीमों ने 158 आरोपितों को काबू किया। इस दौरान 69 उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत पर फरार आरोपितों पर भी कार्रवाई की गई है। वहीं 26 गुमशुदा को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त की है।
इस विशेष अभियान के दौरान फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा और शराब के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस की टीमों द्वारा 246 बोतल अवैध देसी शराब व 40 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, वहीं 1080 प्रतिबंधित स्पास्कोर वान प्लस टैबलेट्स भी जब्त की गई हैं। जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹21,610 की नकदी बरामद की गई।
पुलिस आयुक्त, सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा वीकेंड अभियान अपराधियों के विरुद्ध कारगर साबित हो रहा है। फरीदाबाद पुलिस ने 10 जुलाई से वीकेंड अभियान आरंभ किया था। अब तक 6 अभियान चलाए गए हैं। इस दौरान 1304 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, 234 गुमशुदा को तलाश किया गया, वहीं 681 उद्घोषित अपराधियों व जमानत से फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था स्थापित कर आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। भविष्य में भी फरीदाबाद पुलिस की यह कार्रवाई जारी रहेंगी। अपराध, नशा, अवैध हथियार, अवैध शराब और जुए जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से भी अपील है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो उसकी सूचना तुरंत फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 या फिर स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



