एस्ट्रल कंपनी के नाम से नकली CPVC पाइप बेचने का मामला, 810 नकली पाइप बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद : अपराध शाखा AVTS भूपानी की टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर थाना पल्ला क्षेत्र में नकली ब्रांडेड उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपित देवेन्द्र निवासी मिठापुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एस्ट्रल कंपनी के लोगो लगे 810 नकली CPVC पाइप बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि IMPACTIVE BRAND SOLUTIONS LLP के जांच अधिकारी एवं एस्ट्रल लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने शिकायत दी थी कि इस्माइलपुर क्षेत्र में एस्ट्रल कंपनी के नाम से नकली CPVC पाइप बेचे जा रहे हैं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 02 सितम्बर 2026 को पुलिस टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ KISSAN POLYMERS, 33 फुट चंगी रोड, अजय नगर, इस्माइलपुर पर जांच की। जांच के दौरान दुकान से एस्ट्रल कंपनी के लोगो लगे 810 नकली CPVC पाइप बरामद हुए। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित देवेन्द्र अजय नगर में हार्डवेयर की दुकान चलाता है। वह दिल्ली से ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली सामान सस्ते दामों पर खरीदकर लाता था और उसे असली बताकर अधिक कीमत पर बेचता था। आरोपित को माननीय अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



