वीकेंड अभियान में फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 197 गिरफ्तार; 84 पीओ/बेल जंपर पर कार्रवाई, 46 गुमशुदा तलाश कर परिजनों से मिलाए

3 से 6 सितंबर तक चले अभियान में नशा, अवैध हथियार व अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई

  • ₹5 हजार का एक इनामी बदमाश काबू, 10 किलो से अधिक गांजा बरामद, 11 साल से फरार एक उद्घोषित अपराधी को मुंबई से किया काबू, 5 अवैध हथियार व एक कारतूस जब्त

फरीदाबाद। अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा 3 से 6 सितंबर 2026 तक 7वां वीकेंड अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने अपराधियों, उद्घोषित अपराधियों (पीओ), बेल जंपरों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों तथा अवैध शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान फरीदाबाद पुलिस ने विभिन्न मामलों में 197 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 84 पीओ/बेल जंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 46 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

उन्होंने बताया कि वीकेंड अभियान के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों में कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम से अधिक गांजा तथा 6 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की। इसी प्रकार शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत 5 देसी कट्टे और एक कारतूस बरामद किया गया।

वहीं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 33 बोतल देसी शराब तथा 336 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है।

अभियान के दौरान पुलिस ने थाना छायंसा क्षेत्र के अंतर्गत एटीएम चोरी के मामले में वांछित ₹5,000 के इनामी आरोपित को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने 11 साल से फरार एक उद्घोषित अपराधी को मुंबई से गिरफ्तार कर फरीदाबाद लाया गया।

7 वीकेंड अभियान में 1400 से अधिक गिरफ्तारियां

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष वीकेंड अभियान चलाए जा रहे हैं। फरीदाबाद पुलिस में 10 जुलाई से वीकेंड अभियान कार्यक्रम आरंभ किया था। अब तक 7 वीकेंड अभियान चलाए गए हैं। इस दौरान 1,400 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 750 से अधिक पीओ/बेल जंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि करीब 800 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीकेंड अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी, अवैध हथियार, अवैध शराब, फरार अपराधियों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा लंबित मामलों का निष्पादन करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

फरीदाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिवारों से मिलाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!