फरीदाबाद में आरोपी दो महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.188 किलो गांजा बरामद

समयपुर कॉलोनी के बैर वाला चौक के पास कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर एचएसएनसीबी ने दोनों को दबोचा

फरीदाबाद, 11 सितंबर । हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 188 ग्राम गांजा बरामद किया गया हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
यूनिट प्रभारी निरिक्षक संग्राम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा की उनकी एक टीम एएसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में समयपुर बस स्टैंड के पास नशा विरोधी गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शबनम उर्फ शब्बो और अमीना गांजा बेचने का काम करती हैं तथा इस समय सेक्टर-56 के समयपुर क्षेत्र में बैर वाला चौक के पास गांजा बेचने के लिए खड़ी हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को काबू किया। पूछताछ में उनकी पहचान शबनम उर्फ शब्बो पत्नी विक्रम, निवासी गांव बसूंडा, फर्रुखनगर, हाल समयपुर कॉलोनी, फरीदाबाद तथा अमीना पत्नी विकास, निवासी राजीव कॉलोनी, सेक्टर-58, फरीदाबाद के रूप में हुई।

राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी, एफआईआर दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं की तलाशी राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मी द्वारा ली। तलाशी के दौरान शबनम के हाथ में मौजूद प्लास्टिक थैली से गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का डिजिटल कांटे से वजन करने पर कुल वजन 1 किलो 188 ग्राम पाया गया।

इस संबंध में थाना सेक्टर-58, फरीदाबाद में एफआईआर नंबर 662, दिनांक 11.09.2026, धारा 20B(ii)b-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा उन्हें कहां से मिला और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

नशे के खिलाफ सूचना देने की अपील
एचएसएनसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे की सूचना दें: 1933 | 90508-91508

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!