सतयुग दर्शन विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन, करीब 1500 विद्यार्थियों ने लिया भाग

फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव और डायल-112 की उपयोगिता के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद : युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा उनमें सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा 05 नवम्बर को सतयुग दर्शन विद्यालय, फरीदाबाद में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार कार्यक्रम में फरीदाबाद पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

उन्होंने आगे बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा OTP, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।

विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर एक सुरक्षित, स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!