जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में ‘व्यावहारिक गणित’ पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन

'आधुनिक वैज्ञानिक चुनौतियों के समाधान में व्यावहारिक गणित की भूमिका अहम' - प्रोफेसर सी. बी. गुप्ता

फरीदाबाद, 17 नवंबर : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के गणित विभाग ‘व्यावहारिक गणित’ (अप्लाइड मैथमेटिक्स) विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान और गणित के समकालीन विकास एवं अनुप्रयोगों से प्रतिभागियों को अवगत कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना, राष्ट्रगीत, विश्वविद्यालय कुलगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसके पश्चात विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में संगोष्ठी की संयोजक एवं गणित विभाग की अध्यक्षा प्रो. नीतू गुप्ता ने सभी का स्वागत किया और संगोष्ठी के आयोजन में मार्गदर्शन के लिए कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आधुनिक वैज्ञानिक और तकनीकी चुनौतियों को हल करने में व्यावहारिक गणित की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। विज्ञान संकाय की डीन प्रो. अनुराधा शर्मा ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गणित के अंतर-विषयक अनुप्रयोगों (इंटरडिसिप्लिनरी एप्लिकेशंस) की खोज करने के लिए प्रोत्साहित किया, जबकि मुख्य अतिथि एवं बिट्स पिलानी के पूर्व प्रोफेसर प्रो. सी. बी. गुप्ता ने अपने शैक्षणिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को विश्लेषणात्मक सोच विकसित करने और शोध में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों में प्रख्यात शिक्षाविदों द्वारा दो ज्ञानवर्धक विशेषज्ञ व्याख्यान दिए गए। पहला व्याख्यान द कैथोलिक यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका, वाशिंगटन डी.सी. (यूएसए) के गणित एवं सांख्यिकी विभाग की प्रोफेसर एवं अध्यक्षा प्रो. किरण आर. भूटानी द्वारा ‘ग्राफ थ्योरी में डोमिनेशन पैरामीटर्स’ विषय पर दिया गया। उन्होंने इसके सैद्धांतिक महत्व के साथ-साथ कंप्यूटर विज्ञान, संचार नेटवर्क, परिवहन प्रणाली, सोशल नेटवर्क और ऑप्टिमाइजेशन में इसके व्यापक अनुप्रयोगों को रेखांकित किया। इसके बाद, जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (जेआईआईटी), नोएडा की डीन एकेडमिक्स (स्नातक कार्यक्रम) प्रो. अलका त्रिपाठी ने ‘लीनियर रिग्रेशन मॉडल्स’ विषय पर व्याख्यान देते हुए पूर्वानुमान और डेटा-आधारित निर्णय लेने में सांख्यिकीय मॉडलिंग के महत्व को समझाया।

दोनों सत्रों ने संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को समकालीन शोध क्षेत्रों से जुड़ने और प्रतिष्ठित विद्वानों के साथ संवाद करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। संगोष्ठी का समापन धन्यवाद ज्ञापन तथा गणमान्य अतिथियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों के सामूहिक छायाचित्र (ग्रुप फोटो) के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!