शराब ठेकेदार की गोली मार कर हत्या !

जींद (हरियाणा) ! जिले के गांव खरकरामजी में देर शाम को एक शराब ठेकेदार की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गांव गतौली निवासी सुमित गांव खरकरामजी निवासी शराब ठेकेदार लीला व संदीप के साथ साझेदारी में शराब के ठेके लिए हुए था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम सुमित अपने दोस्त गांव उगालन निवासी संजय के साथ बाइक पर सवार होकर गांव खरकरामजी चौराहे से गुजर रहा था। उसी दौरान काले रंग के शीशे लगी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में आए चार-पांच युवकों ने उसपर गोलियां चलायीं। पुलिस ने बताया कि हमले में गोलियां लगने से सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देकर गाड़ी सवार युवक फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शराब ठेकेदारों के बीच आउट की शराब बेचने को लेकर हुए विवाद के चलते सुमित की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!