अपंग गाय को कृत्रिम पैर लगाया !

पुणे, 10 अगस्त ! महाराष्ट्र में एक अस्पताल ने अपंग गाय को कृत्रिम पैर लगाकर नया जीवन प्रदान किया है। अब वह न सिर्फ सही तरह से खड़ी हो पा रही है, बल्कि आसानी से चल भी रही है। संचेती अस्पताल के प्रोस्थेटिक्स और ऑर्थोटिक्स विभाग के प्रमुख डॉक्टर सलिल जैन के नेतृत्व में एक टीम ने यह कृत्रिम पैर तैयार किया और इसे पुणे- सोलापुर राजमार्ग पर स्थित एक गोशाला की गाय को लगाया।
फार्मासिस्ट अमर जगताप ने बताया कि वह कुछ महीने पहले कुछ काम से वह इस गोशाला में गए थे जहां उन्होंने इस अपंग गाय को देखा। इसके बाद उन्होंने अस्पताल से संपर्क किया जिसने यह कृत्रिम पैर तैयार करके गाय को लगाया। डॉक्टर जैन ने कहा, ‘‘ गाय अब खड़ी हो सकती है और धीरे-धीरे चल भी लेती है लेकिन कृत्रिम पैर का आदी होने में कम से कम एक महीना लगेगा।’’



