अजय सिंह चौटाला बने जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष !

चंडीगढ़, 31 अगस्त ! पूर्व सांसद अजय सिंह चौटाला को जननायक जनता पार्टी (जजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। चौटाला को अध्यक्ष बनाने का फैसला पंचकूला में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। उल्लेखनीय है कि चौटाला वर्ष 2000 में हुए हरियाणा शिक्षक घोटाले में जेल की सजा काट रहे हैं और अभी पैरोल पर हैं।

जजपा ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व सांसद डॉ.अजय सिंह चौटाला को पंचकूला में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जननायक जनता पार्टी का अध्यक्ष घोषित किया गया।’’ पार्टी नेता ने कहा कि जजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से उन्हें यह जिम्मेदारी देने का फैसला किया।

जजपा सूत्रों ने बताया कि जब पिछले साल चुनाव आयोग में पार्टी का पंजीकरण कराया गया तब युवा नेता और अजय सिंह चौटाला के छोटे बेटे दिग्विजय चौटाला का नाम बतौर पार्टी अध्यक्ष दिया गया था। हालांकि, दिग्विजय चौटाला ने यह भूमिका नहीं निभाई और उन्होंने कहा कि अब औपचारिक रूप से पार्टी अध्यक्ष की घोषणा की गई है।

गौरतलब है कि 59 वर्षीय अजय चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री दिवंगत देवी लाल के पोते हैं और जजपा के सह संस्थापक हैं। पार्टी की स्थापना दिसंबर 2018 में की गई थी।

इस बैठक में अजय चौटाला के बेटे और हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और जजपा की हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह भी मौजूद थे एवं सिंह ने ही अजय चौटाला का नाम प्रस्तावित किया।

दुष्यंत ने ट्वीट किया, ‘‘ जननायक जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के संस्थापक व पूर्व सांसद डॉ अजय सिंह चौटाला को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। मैं संगठन व सभी कार्यकर्ताओं की ओर से उनको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!