हरियाणा : गौरक्षा दल और पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागे तस्कर, एक आरोपी गिरफ्तार !

रेवाड़ी। रेवाड़ी में गौतस्करों द्वारा बीती रात को पीछा कर रही पुलिस टीम और गौरक्षा दल के सदस्यों पर फायरिंग का मामला सामने आया है। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि 4 अन्य फरार हो गए। पुलिस ने दो गायों को मुक्त कराकर पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस के अनुसार गौरक्षा दल के सदस्य ने फोन पर सूचना दी थी कि गौतस्कर शहर के राजीव चौक से पिकअप गाड़ी में गायों को भर रहे हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तस्कर बावल की तरफ भाग चुके थे।

गौरक्षा दल के सदस्य उनका पीछा कर रहे थे। इसी दौरान मॉडल टाउन पुलिस भी उनके पीछे लग गई। पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने अपनी गाड़ी वापस मोड़ी और फिर पहले सेक्टर-18 और बाद में गांव कोनसीवास की तरफ अपनी गाड़ी भगा दी। गांव की एक बंद गली में जाकर उनकी गाड़ी फंस गई तो घिर चुके गौ-तस्करों ने पांच राउंड फायर किए। इस दौरान पुलिस और गौरक्षा दल के सदस्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के बाद नूंह निवासी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके 4 अन्य साथी फरार हो गए। मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पिकअप चालक से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!