शेयर मार्केट में निवेश पर 800% लाभ का लालच देकर 38,08,000/- रुपये की ठगी, मामले में खाताधारक गिरफ्तार

साइबर थाना NIT की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 38,08,000/- रुपये की ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना NIT में सैनिक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 24 जून 2024 को वह व्हाट्सएप के माध्यम से दो ग्रुपों से जुड़ा। ग्रुप के एडमिन द्वारा उसे बताया गया कि यदि वह उनके बताए तरीके से शेयर मार्केट में निवेश करता है तो उसे 800% तक लाभ मिल सकता है। लालच में आकर शिकायतकर्ता ने पैसे निवेश करने शुरू कर दिए। कुछ ही दिनों में उसे निवेश एप पर भारी मुनाफा दिखाया जाने लगा। जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे निकालने की बात कही तो उससे टैक्स व कमीशन के नाम पर और पैसे मांगे गए, तब उसे अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। शिकायतकर्ता द्वारा शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कुल 38,08,000/- रुपये ठगों को भेजे गए थे। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने आगे बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी जगदीश गिरी, निवासी गांव कुम्हार खेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवा रखा था। आरोपी के खाते में ठगी की राशि में से 6,05,000/- रुपये आए थे।

आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!