PARIVARTAN योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं End-of-Life वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

फरीदाबाद : PARIVARTAN योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वीरवार को पुलिस उपायुक्त यातायात, जयबीर सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सेक्टर 12 स्थित उनके कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, एचपीएस, सभी यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी यातायात, तथा यातायात शाखा के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार बैठक में भारत सरकार, हरियाणा सरकार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) तथा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के अनुरूप PARIVARTAN योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा एनसीआर क्षेत्र में संचालित BS-III एवं उससे नीचे श्रेणी के पुराने/End-of-Life (EOL) ट्रक एवं बसों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह, आईपीएस ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने/End-of-Life वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पुराने एवं अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से सड़कों से हटाना आवश्यक है।
PARIVARTAN योजना भारत सरकार की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य एनसीआर क्षेत्र में संचालित पुराने एवं प्रदूषणकारी ट्रकों और बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उनकी जगह नए, कम प्रदूषण फैलाने वाले BS-VI अथवा स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा देना है। इस योजना के माध्यम से पात्र वाहन स्वामियों को अपने पुराने वाहनों को बदलने के लिए वित्तीय एवं संस्थागत सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य वायु प्रदूषण में कमी लाना, सड़क परिवहन को अधिक सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना तथा एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में सुधार करना है।
डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि जिनके वाहन पुराने/End-of-Life श्रेणी में आते हैं वे समय रहते संबंधित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को PARIVARTAN योजना के बारे में जागरूक भी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि PARIVARTAN योजना के अंतर्गत End-of-Life (EOL) ट्रक एवं बसों के स्वामी अपने पुराने वाहनों को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र पर स्क्रैप करवाकर विभिन्न लाभ प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत नया BS-VI अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर (Road Tax) में 100 प्रतिशत तक की छूट तथा पुराने वाहन के स्थान पर प्रयुक्त (Used) BS-VI अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त पंजीकरण शुल्क में छूट, वाहन निर्माताओं द्वारा विशेष प्रोत्साहन तथा अन्य वित्तीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। वाहन स्वामी योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकते हैं।
यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा आने वाले दिनों में End-of-Life वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं।



