पी.जी. दिलाने के नाम पर ₹54,406 की साइबर ठगी के मामले में आरोपी खाताधारक गिरफ्तार, थाना साइबर एनआईटी की कार्रवाई

फरीदाबाद : थाना साइबर एनआईटी, फरीदाबाद की टीम ने मुंबई में पी.जी. उपलब्ध कराने के नाम पर ₹54,406 की साइबर ठगी के मामले में खाताधारक नदीम निवासी गांव गुढाउला, जिला नूंह, हाल निवासी बड़खल, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21ए, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह मुंबई में रहने के लिए पी.जी. की तलाश कर रहा था। इस दौरान उसे एक ऑनलाइन प्रॉपर्टी पोर्टल पर पी.जी. की लिस्टिंग मिली। सूची में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने स्वयं को पी.जी. संचालक एवं मैनेजर बताते हुए व्हाट्सएप पर पी.जी. की तस्वीरें भेजीं तथा बुकिंग के नाम पर ₹2,000 रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा करवा ली। इसके बाद ठगों ने “नेशनल पी.जी. डेटाबेस” में नाम दर्ज कराने तथा जी.एस.टी. के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रुपये जमा कराने के लिए उसको गुमराह किया। बाद में “पीओएस मशीन में तकनीकी खराबी” का बहाना बनाकर रिफंड प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर भी लगातार अतिरिक्त भुगतान कराया गया। इस प्रकार 4 जून से 6 जून के बीच उससे कुल ₹54,406 की साइबर ठगी की गई। जब ठगों ने दोबारा ₹18,010 जमा कराने की मांग की तो उसको संदेह हुआ और उसने भुगतान करने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना साइबर एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि उसने अपना बैंक खाता एक परिचित के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। उसके बैंक खाते में ठगी की राशि में से ₹36,408 आए थे। आरोपित ने अपना कमीशन रखने के बाद शेष राशि यूपीआई के माध्यम से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। आरोपित वर्तमान में ब्लिंकिट में डिलीवरी का कार्य करता है। आरोपित को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!