अस्पताल पार्किंग से क्रेटा कार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी बरामद, पुलिस चौकी सेक्टर-11 की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की सेक्टर 11 पुलिस चौकी की टीम ने यथार्थ अस्पताल की पार्किंग से क्रेटा कार चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पलवल से गिरफ्तार कर चोरी की गाड़ी को बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यश नरवत वासी गांव खेड़ी कला, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार अशोक कुमार चौधरी निवासी ऊंचा गांव, बल्लभगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 16 जून को यथार्थ अस्पताल में उपचार के लिए गया था। जहां उसने अपनी क्रेटा कार पार्किंग में खड़ी की थी। उपचार के बाद वापस लौटा तो उसकी गाड़ी वहां पर नहीं थी कोई चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के पिता का यथार्थ अस्पताल में इलाज चला था। इस दौरान वह अस्पताल में आता जाता रहता था और अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था से परिचित था। उसको घूमने-फिरने के लिए गाड़ी की आवश्यकता थी। जिसके चलते 16 जून को वह गाड़ी चोरी के उद्देश्य से अस्पताल पहुंचा। जब पार्किंग गार्ड ने शिकायतकर्ता की गाड़ी की चाबी लेकर वाहन पार्क करने के लिए कहा तो आरोपी यह कहकर गाड़ी में बैठ गया कि उसकी गाड़ी भी पार्किंग में खड़ी है। उसने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया और कुछ देर बाद पार्किंग में आया तथा दूसरे पार्किंग कर्मी से स्वयं को वाहन मालिक बताकर गाड़ी की चाबी ले ली और क्रेटा कार को लेकर वहां से फरार हो गया।

जिसको पुलिस चौकी सेक्टर 11 की टीम ने तकनीकी सहायता से 16 जून को ही पलवल से गिरफ्तार कर लिया है। आगामी पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपित को एक दिन पुलिस रिमांड पर लिया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!