कंपनी के गोदाम से लाखों का माल गबन करने के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार
अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई, करीब 2 टन स्टील की शीट बरामद

फरीदाबाद : थाना सेक्टर-59 स्थित एक स्टील कंपनी के गोदाम से लाखों रुपये मूल्य की स्टील शीट गबन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान शिवहरी, निवासी ग्राम कोटिया चित्रा, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी एनआईटी-1, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 2 टन स्टील शीट बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव धतीर, जिला पलवल निवासी योगेश डागर ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि 28 जून 2026 को कंपनी द्वारा दैनिक स्टॉक का मिलान करने के निर्देश दिए गए। जब सेक्टर-59 स्थित कंपनी के गोदाम में स्टॉक की जांच की गई तो लगभग 3 से 4 टन स्टील की शीट कम पाई गई। शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित शिवहरी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पूछताछ में सामने आया कि शिवहरी ‘सुदीप इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म संचालित करता है, जहां लोहे की चादरों से विभिन्न सामान तैयार कर बिक्री की जाती है। आरोपित ने कंपनी के मैनेजर रोहित के साथ मिलकर गबन की वारदात को अंजाम दिया। आरोपित कम मात्रा का ऑर्डर देता था, जबकि मैनेजर रोहित उसके पास अधिक मात्रा में स्टील शीट भिजवा देता था। अतिरिक्त माल के बदले आरोपित तय रकम मैनेजर रोहित को देता था। इस मामले में कम्पनी के मैनेजर रोहित को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।



