पानी का बिल भरने के नाम पर भेजी थी APK फाइल, 15.34 लाख रुपये की साइबर ठगी
साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : पानी का बिल भरने के नाम पर मोबाइल फोन पर APK फाइल भेजकर एक स्कूल के बैंक खाते से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गांव हतापुर खेरी उत्तर प्रदेश से 27 अगस्त को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान अंकित कुमार निवासी गांव हतापुर खेरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी ने एक सीएससी सेंटर का वॉलेट खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि दिसंबर 2025 में उनके स्कूल के बैंक खाते से साइबर ठगी कर 15,34,699 रुपये निकाल लिए गए थे। स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर पंजीकृत था। 9 दिसंबर 2025 को अकाउंटेंट ने स्कूल प्रबंधन को बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर लगातार बैंक लेन-देन से संबंधित OTP प्राप्त हो रहे हैं और साथ ही खाते से पैसे कटने के संदेश भी आ रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि स्कूल के बैंक खाते से लगातार ट्रांजेक्शन कर कुल 15,34,699 रुपये की राशि निकाल ली गई थी। साइबर ठगों ने पानी का बिल भरने के नाम पर APK फाइल भेजकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना बल्लबगढ़ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित ने राम शंकर के सीएससी, सेंटर के वॉलेट खाते को आगे ठगों को उपलब्ध कराया था जिसमें ठगी की गई रकम में से 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी अंकित कुमार वर्तमान में बी.टेक की पढ़ाई कर रहा है। राम शंकर और आरोपित अंकित पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं। आरोपित को माननीय न्यायालय कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात नंबर अथवा संदिग्ध संदेश के माध्यम से प्राप्त APK फाइल या अन्य अनजान एप्लिकेशन को डाउनलोड एवं इंस्टॉल न करें। बिजली, पानी, बैंक अथवा अन्य बिलों के संबंध में प्राप्त संदिग्ध लिंक और फाइलों पर क्लिक करने से बचें तथा केवल संबंधित विभाग अथवा संस्था की आधिकारिक वेबसाइट एवं एप्लिकेशन का ही उपयोग करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।



