स्वर साधना मंदिर के कलाकारों ने गणेशोत्सव में भजन-कीर्तन से सबको मंत्रमुग्ध किया
गांधी कॉलोनी गणेश पार्क में भक्ति रस से सराबोर हुआ वातावरण

Faridabad : महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा आयोजित सार्वजनिक श्री गणेशोत्सव के अंतर्गत गांधी कॉलोनी स्थित श्री गणेश पार्क में स्वर साधना मंदिर के कलाकारों ने डॉ. अंजू मुंजाल के संगीत निर्देशन में भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणपति जी का आशीर्वाद लेकर सबसे पहले शिखर, प्रदुमन और प्रणव ने मधुर स्वरों में “मेरे प्यारे गणेश गौरी सुत नरेश” भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात अमृता और निष्ठा ने गणपति स्तुति से प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
केशव शर्मा ने “गाइए गणपति जगवंदन” गाकर श्रोताओं को रस विभोर कर दिया। तत्पश्चात ईशान और शिखर ने “श्री रामचंद्र कृपालु भजमन” प्रस्तुत किया। प्रणव ने “शीशे विच तू दिसदा” सूफी भजन से सभी को आनंदित किया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में राजकुमार वोहरा (पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष, फरीदाबाद) तथा सचिन शर्मा (वार्ड 35 पार्षद) भी उपस्थित रहे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
इसके बाद रिचा बत्रा ने कृष्ण भजन “सजा दो घर को गुलशन सा” गाया। शालू अरोड़ा ने गणपति वंदना तथा बांके बिहारी की वंदना प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को नृत्य करने पर विवश कर दिया।

“जी लेंगे सरकार तेरी सरकारी में हमें रख लेना श्री श्याम” इस भजन को न्यासा, धैर्य, वैशाली और गौरव ने गाकर श्री बिहारी के चरणों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नन्हे गायक कलाकार थमन ने “मुरलिया मेरे श्याम की” गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
अक्षर और वीरेन ने “मेरे बांके बिहारी लाल, कोई ऐसा सुना दे राग” भजन प्रस्तुत कर अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के अंत में महाराष्ट्र मित्र मंडल के प्रधान एवं सदस्यों ने डॉ. अंजू मुंजाल एवं सभी गायक कलाकारों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।



