अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग सेल व यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा बाइक रैली का आयोजन

फरीदाबाद : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद और यथार्थ हॉस्पिटल फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अनेक गणमान्य महिलाओं ने भाग लिया तथा शहर में बाइक रैली निकालकर ट्रैफिक नियमों की पालना और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए हम सभी को मिलकर हर बेटी को शिक्षित बनाना होगा। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे महिलाएं सशक्त बनती हैं और समाज में होने वाले अपराधों को रोकने में भी सहायता मिलती है।

निरीक्षक सुनीता ने महिलाओं को महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा चाइल्ड मैरिज एक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह हमारे समाज की एक गंभीर कुप्रथा है, जो बेटियों को कमजोर बनाती है और उनके अधिकारों एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। ऐसी सामाजिक बुराइयां महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचारों को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इनसे संबंधित कानूनों की जानकारी होना और उनका पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे डायल 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 1033, तथा 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त नशे से संबंधित शिकायत एवं परामर्श के लिए MANAS ऐप के बारे में भी अवगत कराया गया।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लगभग 1200 लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन, महिला सुरक्षा और नशा मुक्त समाज के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!