विश्व मानवतावादी दिवस पर दूसरों की सहायता करने का संकल्प लें : मनचन्दा

फरीदाबाद ! राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइडस ने मिलकर प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में विश्व मानवतावादी दिवस पर जरूरतमंद और आवश्यकता वाले जनों के सहायता करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य एवम् ब्रिगेड तथा जूनियर रेडक्रॉस काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2008 में इस दिवस को मनाए जाने की शुरूआत की थी। इसका उद्देश्य यह था कि इसके जरिये उन मानवीय कर्मियों को उचित सम्मान दिया जा सके जिन्होंने मानव मात्र की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया है। यह दिन मानवता के ऐसे सेवकों को समर्पित है, जिन्होंने मानवता की सेवा करते हुए अपनी जान की भी परवाह नहीं की।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि यह दिन उन लोगों की याद में मनाया जाता है, जो रियल लाइफ हीरो होते हैं अर्थात ऐसे लोग जो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी व्यवस्था की मदद करने में अपना जीवन व्यतीत करते हैं। विश्व स्तर पर मानवता या मानवीय उद्देश्यों के कारण दूसरों की मदद के लिए अपनी जान भी गंवा देने को तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि मानवतावादी संगठन सहायता, दया, सहानुभूति, निष्पक्षता, तटस्थता और स्वतंत्रता सहित कई संस्थापक सिद्धांतों पर आधारित है,मानवतावादी सहायता कर्मी आपदा प्रभावित समूहों को राष्ट्रीयता, सामाजिक समूह, धर्म, लिंग, जाति या किसी अन्य आधार पर भेदभाव के बिना जीवन बचाने में सहायता करने के साथ-साथ उनके दीर्घकालिक पुनर्वास का प्रयास करते हैं। ये इस बात का भी सन्देश देते है कि मानवीय सहायता कर्मियों का सम्मान किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त विश्व मानवीय दिवस का उद्देश्य सम्पूर्ण विश्व में मानवीय कार्य के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
इस वर्ष इस दिवस के विषय का सन्देश लोगों को विश्व के किसी भी मानवीय संगठनों में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है आज विद्यालय के बच्चों ने विश्व मानवतावादी दिवस के उपलक्ष्य में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा, संयोजिका प्राध्यापिका जसनीत कौर, शिवानी, मनीषा, शीतु, शर्मीला, संजय मिश्रा तथा शिवम् वाधवा के निर्देशानुसार पोस्टर बना कर सभी आवश्कता वाले लोगों की सहायता के लिए आगे बढ़कर मदद करने के लिए प्रेरित किया। छात्रा तबिदां, हर्षिता, निशा और खुशी का सुंदर अभिव्यक्ति और संदेश प्रेषित करने के लिए प्राचार्य और विद्यालय प्रबंधन ने साधुवाद किया।



