मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की दी बधाई और सेना का जताया आभार

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की उन्हें बधाई देकर सेना का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने राज्य की चल रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को विस्तार से बताया। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जातियों के 20 फीसदी कोटा में कोटा देने के बाद ग्रुप डी के पदों में आरक्षण देने के फैसले संबंधी जानकारी भी दी।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नई दिल्ली में पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के जांबाज सैनिकों ने आतंकी ठिकानों को नष्ट कर उन्हें मिट्टी पर मिलाने का काम किया है। ऐसा ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री मोदी ही ले सकते हैं। पहलगाम की घटना से देश के लोग आहत थे और उनमें रोष था। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहता था। पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया और हमारे सैनिकों ने आतंकियों को उन्हीं की सर जमीन पर जाकर धूल में मिलाने का काम किया।
सीएम सैनी ने कहा कि साल 2014 से पहले आतंकवादी देश में घुसकर घटनाओं को अंजाम देते थे। पूरे देश में भय का माहौल था व कोई भी सुरक्षित नहीं था। लेकिन पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने का काम किया। प्रधानमंत्री ने ऐसी कार्यवाही करके देश को मजबूत, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में काम किया है। अब देश में संतुष्टि का भाव है और आतंकियों में भय का माहौल बना है। एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में जासूसी के मामलों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
पीएम के बाद मनोहर लाल से की मुलाकात
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने पूर्व सीएम व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात की। इस दौरान सीएम सैनी ने उन्हें ब्रिक्स की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने व ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का पक्ष मजबूती से रखने पर बधाई दी। इस दौरान सीएम सैनी ने बीबीएमबी की ओर से हरियाणा के पक्ष में लिए गए फैसलों से भी उन्हें अवगत कराया।



