फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल का सराहनीय कार्य, 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 38 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार तकनीक आधारित कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एनआईटी जोन की साइबर सेल ने तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 38 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने में सफलता हासिल की है।
बरामद किए गए मोबाइल फोन डीसीपी एनआईटी उत्तम द्वारा अपने कार्यालय में उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किये हैं। लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल फोन के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए यह खुशी का अवसर रहा। मोबाइल फोन प्राप्त करने वाले नागरिकों ने फरीदाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए एनआईटी जॉन की साइबर सेल द्वारा केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। टीम ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर, डिजिटल ट्रैकिंग, नेटवर्क संबंधी तकनीकी जानकारी एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से फोन की पहचान की। विभिन्न स्थानों पर मोबाइल फोन की लोकेशन एवं उपयोग संबंधी जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें बरामद किया गया है।
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में घबराएं नहीं और शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें। नागरिक तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आवश्यक पुलिस प्रक्रिया पूरी करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल फोन को ट्रैक करने, उसे ब्लॉक करने तथा उसके संभावित दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर CEIR पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें, बैंकिंग एवं अन्य संवेदनशील जानकारी होने पर संबंधित सेवाओं की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएं, मोबाइल फोन में मजबूत पासकोड/स्क्रीन लॉक का उपयोग करें।
फरीदाबाद पुलिस आमजन की डिजिटल एवं व्यक्तिगत संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीकी माध्यमों से नागरिकों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।



