इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी, 3 आरोपित गिरफ्तार
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने व पुलिस अधिकारी बनकर गिरफ्तारी की धमकी देकर 10.23 लाख रुपये ठगने के मामले में भी एक आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में इंस्टाग्राम पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन एवं रिसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी की गई, जबकि दूसरे मामले में अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने और पुलिस अधिकारी बनकर गिरफ्तारी की धमकी देकर शिकायतकर्ता से 10.23 लाख रुपये की ठगी की गई।
इंस्टाग्राम विज्ञापन से फंसाया, 300 प्रतिशत मुनाफे का दिया झांसा
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-7डी, बल्लभगढ़ निवासी शिकायतकर्ता ने इंस्टाग्राम पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद शिकायतकर्ता की बातचीत व्हाट्सऐप के माध्यम से स्वयं को जापान की निवासी बताने वाली एक युवती से शुरू हुई।
युवती ने शिकायतकर्ता को टाटा कंपनी से जुड़े एक रिसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने पर 300 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का झांसा दिया। ठगों ने शिकायतकर्ता को 20 लाख रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद उसने उनके बताए बैंक खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब शिकायतकर्ता ने पोर्टल के माध्यम से अपनी निवेश की गई राशि वापस निकालने का प्रयास किया तो वह रकम नहीं निकाल सका। इसके बाद उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने अमित निवासी गुरुसर मोडिया, जिला हनुमानगढ़, राजस्थान, हाल निवासी ओजियाडा, भीलवाड़ा तथा संदीप कुमार निवासी गांव थिराजवाला, जिला हनुमानगढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित संदीप इस मामले में बैंक खाताधारक है। उसने अपने साथी आशीष के साथ मिलकर एक कंपनी के नाम से संयुक्त बैंक खाता खुलवाया था। इसके बाद अपनी बुआ के लड़के अमित की मदद से उक्त बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया गया। इसी खाते में शिकायतकर्ता द्वारा ठगे गए एक लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में सह-खाताधारक आशीष वासी हनुमानगढ़ को गिरफ्तार पुलिस निर्माण पर लिया हुआ था जिसकी पूछताछ पर संदीप और अमित के नाम सामने आए थे। दोनों आरोपितों को भी दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी
दूसरे मामले में सेक्टर-7ई, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति की व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास शिकायतकर्ता की अश्लील फोटो एवं वीडियो हैं और उन्हें वायरल न करने तथा डिलीट करने के बदले पैसों की मांग की।
इसके बाद अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों से संपर्क कर ठगों ने स्वयं को पुलिस अधिकारी बताया और शिकायतकर्ता को गिरफ्तारी एवं बदनामी की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के भय से शिकायतकर्ता ने ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों, क्यूआर कोड तथा यूपीआई आईडी पर कुल 10,23,198 रुपये ट्रांसफर कर दिए।शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए दीपक उर्फ दीपु निवासी गांव जीवड़ा, जिला रेवाड़ी, हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
जिसकी पूछताछ में सामने आया कि वह खाताधारक है। उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 1,42,000 रुपये प्राप्त हुए थे। जिसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले आकर्षक निवेश विज्ञापनों, कम समय में अत्यधिक मुनाफे के दावों तथा अनजान व्यक्तियों के निवेश प्रस्तावों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। इसी प्रकार किसी भी व्यक्ति द्वारा अश्लील फोटो या वीडियो वायरल करने अथवा पुलिस अधिकारी बनकर गिरफ्तारी की धमकी दिए जाने पर घबराएं नहीं और तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा साइबर पुलिस से संपर्क करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।



