साईबर सुरक्षा अलर्ट: अभेद्य ऐप और डुअल ओटीपी सिस्टम द्वारा नागरिकों की सुरक्षा

रंगदारी और साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिये हरियाणा पुलिस के दो आधुनिक हथियार हैं अभेद्य ऐप और डुअल ओटीपी सिस्टम

  • साइबर अपराधियों और रंगदारी मांगने वालों पर कसी जायेगी नकेल

फरीदाबाद : हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों और रंगदारी (Extortion) मांगने वालों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए दो महत्वपूर्ण अत्याधुनिक तकनीक कदम उठाए गये हैं। धमकी भरे काॅल्स और जबरन वसूली (Extortion) की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा एक अभूतपूर्व तकनीकी समाधान अभेद्य (Abhedya) मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया है। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों व तकनीकी रूप से कम जागरुक लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिये डुअल ओटीपी सिस्टम लाॅन्च किया है। पुलिस महानिदेशक हरियाणा, अजय सिंघल, भा.पु.से. के मार्गदर्शन में नागरिकों को संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों से सुरक्षा प्रदान करने के लिये यह कदम उठाएं गये हैं।

दो प्रमुख पहल

1. अभेद्य (Abhedya) एप्लीकेशन

अभेद्य ऐप विशेष रूप से उन अंतरराष्ट्रीय कॉल्स, व्हाट्सएप संदेशों और वॉइस नोट्स को रोकने के लिये बनाया गया है जिनका उपयोग अपराधी वसूली (Extortion) या धमकी देने के लिए करते हैं। यह ऐप संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय स्थानों, अज्ञात नंबरों से आने वाली VOIP कॉल्स और मैसेज को ब्लॉक करने में बेहद प्रभावी है। यह तकनीक नागरिकों को धमकी भरे संदेशों से प्रोएक्टिव सुरक्षा प्रदान करती है।

ऑटोमैटिक ब्लॉकिंग: यह ऐप अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल या मास्क किये गये अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल्स और व्हाट्सएप संदेशों को आप तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक कर देता है। जिससे अपराधियों द्वारा फैलाई जाने वाली दहशत और ब्लैकमेलिंग से बचाव होता है।

पुलिस ट्रैकिंग: भले ही कॉल आपके पास न पहुंचे, लेकिन बैकएंड पर पुलिस इन नंबरों का डेटा सुरक्षित रखती है ताकि अपराधियों को ट्रैक करके उन पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

2.डुअल ओटीपी (Dual OTP) सिस्टम

वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर फ्रॉड करने के मामलों में अपराध को रोकने के लिये प्रमुख बैंकों के सहयोग से यह सिस्टम लॉन्च किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों द्वारा किये जाने वाले डिजिटल ट्रांजेक्शन में अब एक अतिरिक्त ओटीपी (OTP) उनके किसी भरोसेमंद व्यक्ति के पास भी जाएगा। जिससे ओटीपी आधारित धोखाधड़ी, हेरफेर और ब्लैकमेलिंग से बचाव होगा। यह सुरक्षा कवच विशेष रूप से उनके लिये बहुत उपयोगी होगा जो तकनीकी रूप से कम जागरूक हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अभेद्य (Abhedya) एप विदेशों से प्राप्त होने वाली थ्रेट कॉल्स व एक्सटॉर्शन से बचाने के लिए डिजाइन किया गया है। फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल की टीम द्वारा तथ्यों के आधार पर आइडेंटिफिकेशन करके अभी तक 21 लोगों के मोबाइल फोन में अभेद्य (Abhedya) एप डाउनलोड किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!