नियमित भर्ती के फैसले और आर्थिक लाभों से कर्मचारियों का भविष्य होगा बेहतर : नरेश कुमार शास्त्री
37 दिनों के ऐतिहासिक संघर्ष की जीत पर संघ नेताओं का भव्य स्वागत, नीलम चौक से बीके चौक तक निकाला विजय प्रदर्शन

फरीदाबाद, 6 अक्टूबर (मनीष शर्मा)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की नगर निगम फरीदाबाद इकाई द्वारा राज्य कमेटी के सम्मान में स्वागत समारोह एवं जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने नीलम चौक से बीके चौक तक विजय प्रदर्शन निकालकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री तथा नगरपालिका एवं अग्निशमन कर्मचारी संगठनों की राज्य कमेटियों के नेताओं का भव्य स्वागत किया। नगर निगम प्रांगण कर्मचारियों के उत्साह और एकजुटता के नारों से गूंज उठा।
सम्मेलन की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दिलीप सिंह बोहत ने की संचालन जिला सचिव अनिल चंडालिया ने किया। विजय प्रदर्शन का नेतृत्व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव बलबीर सिंह बालगोहर, सचिव महेंद्र कुड़िया, कोषाध्यक्ष जितेंद्र छावड़ा तथा सैनिटेशन स्टाफ यूनियन के प्रधान राहुल चंडालिया एवं सचिव विशाल पारचा ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि 6 अगस्त से 11 सितंबर तक चली 37 दिनों की ऐतिहासिक हड़ताल को सफल बनाने में हजारों कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों के अथक प्रयासों का निर्णायक योगदान रहा। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष के फलस्वरूप सफाई एवं सीवर कर्मचारियों तथा अग्निशमन विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों और फायरमैनों को नियमित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियमित होने का अवसर मिलेगा। समझौते से ठेकेदारों के अधीन कार्यरत कर्मचारियों सहित पालिका रोल, दैनिक वेतनभोगी एवं नियमित कर्मचारियों को भी विभिन्न आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलेंगे।

शास्त्री ने कहा कि संघ प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर 11 सितंबर के समझौते की विस्तृत जानकारी कर्मचारियों तक पहुंचा रहा है। स्वीकार की गई मांगों के पत्र जारी करवाने और उन्हें लागू करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पालिका रोल एवं दैनिक वेतनभोगी सफाई, सीवर, माली, बेलदार और हेल्पर कर्मचारियों तथा अग्निशमन विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैनों के नियमित होने तक संगठन संघर्ष को मजबूती देता रहेगा। कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता बढ़ाने और संगठन के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
“महिला सफाई कर्मचारियों के साहस और संघर्ष को किया सलाम”
शास्त्री ने सभी कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि महिला सफाई कर्मचारियों ने इस आंदोलन में साहस, धैर्य और एकजुटता की मिसाल पेश की है। गरीबी, शिक्षा के सीमित अवसरों और कठिन कामकाजी परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बेहतर भविष्य तथा अपने अधिकारों के लिए डटकर संघर्ष किया। उनका यह योगदान देश की अन्य मेहनतकश महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
उन्होंने आंदोलन के दौरान तन, मन और धन से सहयोग करने वाले कर्मचारी, मजदूर, सामाजिक, धार्मिक, नागरिक एवं दलित संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया के साथियों का कर्मचारियों की आवाज जनता तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद किया।
“जोखिम भत्ता, बीमा और चिकित्सा सुविधाओं से मिलेगा लाभ”
शास्त्री ने बताया कि समझौते के अनुसार पालिका रोल, दैनिक वेतनभोगी एवं नियमित सफाई तथा सीवर कर्मचारियों को प्रतिमाह ₹2,000 जोखिम भत्ता मिलेगा। पालिका रोल एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को ₹50 लाख का दुर्घटना बीमा तथा 50 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता की स्थिति में ₹25 लाख की आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा। संबंधित परिस्थितियों में मिलने वाली अनुग्रह राशि ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख और ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख करने का लाभ भी कर्मचारियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के काम से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए वर्ष में तीन बार उनकी चिकित्सा जांच करवाई जाएगी। जिन कर्मचारियों को ईएसआई की सुविधा नहीं मिलती, उन्हें चिरायु योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक उपचार की सुविधा मिलेगी। इसकी ₹923 की वार्षिक किस्त सरकार वहन करेगी। सभी नियमित कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा।
शास्त्री के अनुसार सरकार ने लगभग 24 मांगों पर सहमति दी है। इनमें सफाई एवं सीवर कर्मचारियों को निर्धारित पात्रता और नियमों के अनुसार तृतीय श्रेणी के लिपिकीय पदों पर पदोन्नति के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण के अंतर्गत अवसर देना भी शामिल है।
“अग्निशमन कर्मचारियों को भत्तों और शहीद परिवारों को सहायता का लाभ”
शास्त्री ने बताया कि अग्निशमन विभाग के अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पक्का करने के फैसले के साथ ₹7,500 वर्दी भत्ता एवं ₹5,000 जोखिम भत्ता देने पर भी सहमति हुई है। शहीद रणवीर के परिवार को सरकार ने बकाया ₹20 लाख की आर्थिक सहायता का भुगतान कर दिया है। उन्होंने बताया कि रणवीर के परिवार को कुल ₹50 लाख तथा भवी चन्द शर्मा के परिवार को अब तक ₹60 लाख की सहायता मिल चुकी है। आश्रितों को आवेदन करने पर नौकरी देने का निर्णय भी लिया गया है।
“सुभाष लांबा ने कर्मचारियों और नेतृत्व को दी बधाई”
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा की उपस्थिति से समारोह में उत्साह और बढ़ गया। उन्होंने नरेश कुमार शास्त्री सहित राज्य कमेटियों के नेताओं के कुशल नेतृत्व तथा कर्मचारियों की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाना कर्मचारियों और उनके नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि है। लांबा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पुरानी पेंशन बहाली निजीकरण पर रोक खाली पदों पर पक्की भर्ती करने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने आठवें वेतन आयोग का लाभ देने आदि मांगों को लेकर के 12 दिसंबर को रामलीला ग्राउंड दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय रैली का भी कर्मचारियों को नेता दिया कर्मचारियों ने एक स्वर में रैली को सफल बनाने और भागीदारी करने का राष्ट्रीय नेता को विश्वास दिलाया।
स्वागत समारोह एवं सम्मेलन में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के संस्थापक सदस्य पूर्व राज्य प्रधान पूनमचंद रति राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, महासचिव मांगे राम तिगरा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तुषामड़, संगठनकर्ता शिवचरण, कोषाध्यक्ष महेंद्र सांगलिया, पुरुषोत्तम दानव राजपाल बहादुरगढ़ उपमहासचिव सुनील चंडालिया तथा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह एवं वरिष्ठ प्रधान राजीव खत्री , राज्य सचिव अनूप चिंडालिया राज्य सचिव अजय शास्त्री, राज्य उपाध्यक्ष कमला जिला वरिष्ठ उपप्रधान गुरुचरण खंडिया, उपप्रधान सुदेश जैनवाल, कैसाध्यक्ष रघुबीर चौटाला, श्री नन्द ढकोलियों, दर्शन सोया नरेश भगवाना, सुरेन्द्र चौटाला देवीचरण शर्मा प्रधान वॉटर सप्लाई यूनियन, हेमवती नंदन प्रधान बेलदार कर्मचारी यूनियन महिला नेता सुरेश देवी ललिता देवी कमलेश राजवती कविता सत्तो बिना शकुंतला सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन कर्मचारी फेडरेशन फरीदाबाद के प्रधान रमेश जागलान, कार्यालय यूनियन के प्रधान नरेश बैसला, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान करतार सिंह जागलान तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के जिला स्तरीय नेता लज्जाराम एवं उमर मोहम्मद खान सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।



