विभिन्न अभियोगो में बरामद नशीले पदार्थ किये गये नष्ट, फरीदाबाद पुलिस की ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने किया आग के हवाले
गवाहों की मौजूदगी में 568 किलोग्राम गांजा, 24,214 कैप्सूल, 30.66 ग्राम हेरोइन, 14.368 किलोग्राम पोपी हस्क, 1080 प्रतिबंधित टैबलेट व 101 इंजेक्शन्स किये नष्ट

- नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार है जारी, आमजन से सहयोग की अपील, 9050891508 पर दें नशा बेचने वालों की सूचना- सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करों पर लगातार प्रहार करके मादक पदार्थों को जब्त किया जा रहा है और समय-समय पर इन मादक पदार्थों को नष्ट भी किया जाता है। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस द्वारा विभिन्न मुकदमों में बरामद किये गये मादक पदार्थों को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता वाली ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने आग के हवाले कर नष्ट किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 अप्रैल को जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने फरीदाबाद पुलिस के विभिन्न थानों के 203 अभियोगो में बरामद 568 किलोग्राम गांजा, 24,214 कैप्सूल, 30.66 ग्राम हेरोइन, 14.368 किलोग्राम पोपी हस्क, 1080 प्रतिबंधित टैबलेट व 101 इंजेक्शन्स मादक पदार्थों को गोल्डन ईगल वैस्ट मैनेजमेंट कंपनी तिगांव रोड गांव जसाना में नष्ट किया गया।
जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी में पुलिस आयुक्त फरीदाबाद (चेयरमैन), पुलिस उपायुक्त मुख्यालय (सदस्य) व सहायक पुलिस आयुक्त, मुख्यालय (सदस्य) है।

कार्यवाही के दौरान नशीले पदार्थ को पुलिस आयुक्त महोदय ने अपनी देखरेख में फोटोग्राफी करवाकर सुरक्षित तरीके से कानूनी प्रक्रिया के तहत गवाहों के सामने नष्ट करते हुए आग के हवाले करवाया। नष्ट किये गए मादक पदार्थों के मामले वर्ष 2023-2025 से संबंधित है। इस दौरान गवाह के तौर पर समाज के गणमान्य व्यक्ति विनोद कुमार ब्लॉक पार्षद, वीरेंद्र सरपंच गांव जसाना मौजूद रहे।
सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त ने कहा कि नशा मनुष्य को आर्थिक स्थिति के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक रूप से भी कमजोर करता है तथा उसको अपराध की तरफ ले जाता है। एक बार जब नशे की लग जाती है तो उसको छोड़ पाना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। इसलिए नशे से दूर रहकर समाज कल्याण में अपना योगदान दे। फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के आदी लोगों की सहायता के लिए अभियान चलाए हुए हैं, जहां पर उनकी काउंसलिंग कराई जाती है तथा चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देने के लिए स्कूल, कॉलेज व अन्य संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम किया जा रहे हैं ।
उन्होंने आगे कहा कि फरीदाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर लगातार प्रहार जारी है, इस वर्ष अब तक 151 मामले दर्ज कर 191 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 416 किलोग्राम गांजा, 79.15 ग्राम स्मैक, 2988 प्रतिबंधित टेबलेट, 1 किलोग्राम चरस व अन्य पदार्थ बरामद किये गये हैं।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि मादक पदार्थ बेचने वाले की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9050891508 व फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।



