घर में घुसकर मारपीट व अपहरण के प्रयास के मामले में आठवां आरोपित गिरफ्तार

पुलिस चौकी चावला कॉलोनी टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े व संगीन मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चौकी चावला कॉलोनी की टीम ने घर में घुसकर मारपीट व अपहरण के प्रयास के मामले में 22 अप्रैल को आठवें आरोपित दीपक राणा निवासी भाटिया कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयोग बलेनो गाड़ी व मोटरसाइकिल को पहले बरामद किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार प्रकाश निवासी मादहा, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी चावला कॉलोनी, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 25 जनवरी की शाम करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच 5/6 युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर उसके घर पहुंचे। उसे घर से बाहर खींचकर ले गए और जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। वह गाड़ी के पास गिर गया, जिसके बाद उन्होंने उस पर डंडों व सूए से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपित सन्नी की शिकायतकर्ता के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी थी। इसी का बदला लेने के लिए सन्नी, दीपक राणा व अपने अन्य साथियों के साथ गाड़ी व मोटरसाइकिल पर शिकायतकर्ता के घर पहुंचा था। जिन्होंने जबरन शिकायतकर्ता को गाड़ी में डालने का प्रयास किया और असफल होने पर उसके साथ डंडों व सूए से मारपीट की।

घटना में इस्तेमाल बैलेनो कार को आरोपित दीपक राणा चला रहा था। जिसको माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटनाक्रम में सन्नी सहित 7 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!