यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई, पिछले 5 महीनों में 2,66,005 चालान

फरीदाबाद : सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों की पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। वर्ष 2026 के शुरुआती 5 महीनों में ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने 2,66,005 चालान किये हैं।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाये जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत जनवरी से मई 2026 के बीच 5 महीनों के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए जनवरी 52,690, फरवरी में 40,807, मार्च में 56,220, अप्रैल में 57,028 तथा मई माह में 59,260 चालान किये गये।

उन्होंने बताया कि इस दौरान बिना हेलमेट के 1,13,667 चालान, ब्लैक फिल्म/टिंटेड ग्लास के 6,523, ड्रंकन ड्राइविंग के 2878, गलत पार्किंग के 22,515, लेन नियमों उल्लंघन के 22,244, तेज गति से वाहन चलाने पर 27,730 तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 23,432 चालान किये गये हैं। यातायात पुलिस द्वारा नंबर प्लेट की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है, इस दौरान 15,377 चालान किये हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, जिससे जान-माल की हानि होती है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट का प्रयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा सड़क पर अनुशासित तरीके से वाहन चलाकर अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।

फरीदाबाद पुलिस सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!