NEET-2026 परीक्षा को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, 19 केंद्रों पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

ड्यूल लेयर फ्रिस्किंग के बाद मिलेगी प्रवेश की अनुमति

  • पुलिस उपायुक्त NIT, उत्तम होंगी नोडल अधिकारी

फरीदाबाद, 19 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। 21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान 500 से अधिक पुलिसकर्मी विभिन्न जिम्मेदारियां संभालेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले ड्यूल लेयर फ्रिस्किंग की जाएगी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुलिस उपायुक्त NIT, उत्तम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। परीक्षा को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नकल एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर 10 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 3 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 3 ट्रैफिक कर्मी अलग से तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कुल 13 पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सेंट्रल, बल्लभगढ़ और एनआईटी जोन में मुख्यालय स्तर पर एक-एक प्लाटून को रिजर्व रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर तुरंत तैनात किया जा सकेगा।

पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्राधिकार में आने वाले होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और सरायों की नियमित जांच की जाए। वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वैध पहचान दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NEET परीक्षा को लेकर देशभर में सक्रिय रहने वाले नकल गिरोहों और परीक्षा माफियाओं पर नजर रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच और खुफिया इकाइयों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोचिंग सेंटर, होटल, लॉज, साइबर कैफे तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात को सौंपी गई है। उनकी सहायता के लिए यातायात थाना प्रबंधकों एवं ट्रैफिक निरीक्षकों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है।

दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर, पलवल- फरीदाबाद मार्ग, मांगर-पाली बॉर्डर और शूटिंग रेंज बॉर्डर दिल्ली की ओर से आने वाले मार्गों पर अतिरिक्त यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिले के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर भी यातायात नियंत्रण के लिए चार-चार पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए सभी जोनल अधिकारियों (ZOs)को विशेष निर्देश दिये गए हैं। परीक्षा केंद्रों की 500 मीटर परिधि के भीतर किसी भी वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

फरीदाबाद पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल-112, फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम 9999150000, 0129-2227200, यातायात पुलिस कंट्रोल रूम 0129-2267201 अथवा निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!