फरीदाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर लगातार प्रहार, 5 माह में 208 मामले दर्ज कर 270 अपराधियों को किया गिरफ्तार, एक विदेशी नागरिक भी शामिल

190 किलोग्राम के करीब गांजा, 183 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस, 271 ग्राम सुल्फा, 2.219 किलोग्राम अफीम सहित भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईपीएस के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस द्वारा जिले में अवैध नशे एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाये जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत पुलिस नशा तस्करों, उनके सहयोगियों तथा सप्लाई नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 के पहले 5 महीनों के दौरान फरीदाबाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत सघन कार्रवाई करते हुए कुल 208 मामले दर्ज किये तथा 270 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपितों में 213 नशा तस्कर तथा 57 सोर्स शामिल हैं, एक विदेशी नागरिक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अवधि के दौरान फरीदाबाद पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले एवं प्रतिबंधित पदार्थों को बरामदगी की हैं। जिसमें 190 किलोग्राम के करीब गांजा, 183 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस, 271 ग्राम सुल्फा, 2.219 किलोग्राम अफीम, 171 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 2953 प्रतिबंधित गोलियां तथा 1.73 ग्राम एमडीएमए शामिल हैं। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करने पर केंद्रित है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके सप्लायर, सहयोगी, वित्तीय स्रोत तथा वितरण तंत्र की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं सोर्सेज की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई इसी प्रकार जारी रखेगी।

फरीदाबाद पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशा तस्करी, मादक पदार्थों की बिक्री अथवा नशे के सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, डायल-112, फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर: 9999150000, एनसीबी राष्ट्रीय हेल्पलाइन: 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: NCBMANAS.GOV.IN या फिर हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन: 90508-91508 पर पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!