नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के राष्ट्रीय रोडमैप पर फरीदाबाद पुलिस की समन्वय बैठक

DCP क्राइम की अध्यक्षता में बैठक, ACsP क्राइम, सभी क्राइम ब्रांच प्रभारी व NCB कोऑर्डिनेटर रहे मौजूद

  • नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इस वर्ष 334 मामले दर्ज, 446 आरोपी गिरफ्तार; 106 सप्लायर पकड़े
  • 276.876 किलो गांजा सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद, 9 नशा तस्करों की संपत्तियां ध्वस्त

फरीदाबाद : राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित विशेष अभियानों के क्रम में वीरवार को पुलिस उपायुक्त अपराध राजेश कुमार मोहन की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ACP क्राइम, सभी क्राइम ब्रांच प्रभारी तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कोऑर्डिनेटर मौजूद रहे।

बैठक में इंटर-एजेंसी कंसल्टेशन एवं तैयारी के तहत विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा राष्ट्रीय रोडमैप के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चर्चा की गई। फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त अपराध, राजेश कुमार मोहन ने बताया कि पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस ने वर्ष 2026 में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत व्यापक कार्रवाई की है। इस वर्ष अब तक NDPS Act के तहत 334 मामले दर्ज कर 446 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 106 सप्लायर/स्रोत शामिल हैं।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान 276.876 किलोग्राम गांजा, 560.85 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस, 272.66 ग्राम सल्फा, 3.17 ग्राम कोकीन, 2.219 किलोग्राम अफीम और 17.11 ग्राम MDMA बरामद किया गया। इसके अलावा 582 इंजेक्शन, 1,677 कैप्सूल, 11,454 नशीली गोलियां, 200 एमएल सिरप और 23 MTP किट भी बरामद की गई हैं।

उन्होंने आगे बताया कि संगठित ड्रग सिंडिकेट पर प्रभावी कार्रवाई के लिए कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों पर विशेष फोकस किया गया। इस श्रेणी में 14 मामले दर्ज कर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 19 सप्लायर शामिल हैं। इन मामलों में 94.065 किलोग्राम गांजा, 272 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस और 11.01 ग्राम MDMA के साथ 386 इंजेक्शन, 1,645 कैप्सूल और 10,816 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।

उन्होंने कहा कि नशे के हॉटस्पॉट एवं संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर क्राइम ब्रांच की टीमों द्वारा इस वर्ष 4 विशेष छापेमारी की गई हैं। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रहार करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन कर 9 संपत्तियों/अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया है। इनमें नेहरू कॉलोनी निवासी नजराना उर्फ मल्लो पत्नी जाकिर और साहिल पुत्र जाकिर की 60-60 वर्गफुट की मकान एवं दुकान सहित राजेंद्र, सूरज, विपिन उर्फ बिपिन, दिनेश उर्फ मोनू, लक्ष्मण, सलीम और राजुद्दीन उर्फ बोलार की संपत्तियां शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं।

फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल नशा बेचने वाले पेडलरों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि सप्लायरों, संगठित ड्रग नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक स्रोतों पर भी कार्रवाई करना है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों, सप्लायरों, संगठित गिरोहों तथा नशे के कारोबार को बढ़ावा देने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि नशे की बिक्री, सप्लाई या तस्करी से संबंधित विश्वसनीय जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!