फरीदाबाद में लघु सचिवालय सेक्टर 12 डीसी ऑफिस के सामने कलाकारों ने प्रदर्शन किया

फरीदाबाद 26 जून। कोरोना जैसी महामारी के चलते न जाने कितने ही लोग बेघर हो गए, कितने शहर छोडक़र पलायन कर गए और कितने लोग बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। ऐसे में फरीदाबाद के सभी कलाकार चाहे वह डांस एकेडमी हो, संगीत एकेडमी हो या अन्य एकेडमी हों सभी बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। लोक डाउन की वजह से बेरोजगार हुए सभी कलाकार और जितने भी एकेडमी संचालक है आज सब मिलकर एक साथ डीसी ऑफिस के सामने इकट्ठा हुए और अपनी मांग रखी।

सभी कलाकारों ने मिलकर सिटी मजिस्ट्रेट को अपना एक ज्ञापन सौंपा, उन्होंने इस मामले में अभी कोई आश्वासन नहीं दिया। इस ज्ञापन में उनकी मांग है कि 3 महीने से जो एकेडमी बंद पड़ी है या जो लोग बेरोजगार हो गए हैं उनके लिए सरकार कुछ सोचे। जिन एकेडमी वालों ने दुकानें किराये पर ले रखी हैं उनका किराया भरना भी उनके लिए मुश्किल हो गया है। दुकान के मालिक दुकान खाली करने को बोल रहे हैं, वह समझ नहीं पा रहे कि वह क्या करें? सरकार इस पर ध्यान दे। उनकी यह भी मांग है कि जो दिशानिर्देश सरकार चाहती है उनहें जारी करें और उन्हें बताया जाए कि वह अपनी एकेडमी कब से खोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी अकैडमी खोली जाएंगी और बच्चे आएंगे तो सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का वह पूरी तरह पालन करेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से ध्यान रखेंगे।

फरीदाबाद के बहुत सारे ऐसे ही म्यूजिक संस्थान हैं और बहुत सारे डांस एकेडमी हैं जो लॉक डाउन से बंद है और कई बंद कर चुके हैं क्योंकि वह किराया भरने में असमर्थ हैं। आज जो लोग इकट्ठा हुए हैं वह इसी वजह से इकट्ठा हुए हैं कि वह दुकानों का किराया नहीं भर सकते और आगे 2-3 महीने अगर अकैडमी नहीं खुलती है तो वह भी अपनी अकैडमी बंद कर देंगे तथा वह सडक़ पर आ जाएंगे।

इस दौरान समय अतुल त्यागी, अंकुर त्यागी, अशोक डी स्टार, संजय कसीना, सनी रावत, प्रिया दास, मानव जयंत, अक्षय पांचाल, पंकज, राहुल, असलम, रोहित, ममता, प्रशांत, राजकुमार, राजेश और अन्य 150-200 कलाकार उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!