वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 4,20,214/- रुपये की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

साइबर थाना बल्लभगढ टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी करने के मामले में एक खाताधारक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम डबागर, निवासी बिराम नगर, सूरत (गुजरात) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नीमका निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 17 जुलाई 2024 को उसके व्हाट्सएप पर वर्क फ्रॉम होम का मैसेज आया। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर जोड़कर www.seogooglework.com लिंक के माध्यम से फीडबैक टास्क दिया गया। उसने 31 टास्क के लिए ठगों द्वारा बताए गए खातों में कुल 4,20,214/- रुपये ट्रांसफर किये। बाद में पैसे निकालने के नाम पर उससे 6 लाख रुपये की मांग की गई, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ। जिस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओ में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। उसके खाते में ठगी के 46,000/- रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी 12वीं पास है तथा गुलाल बनाने का कार्य करता है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि वर्क फ्रॉम होम या ऑनलाइन टास्क के नाम पर आने वाले किसी भी ऑफर पर विश्वास न करें तथा किसी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!