बी.टेक. अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर : जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने रिक्त सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए

फरीदाबाद, 13 जुलाई : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय से बी.टेक. करने के इच्छुक विद्यार्थियों को सुनहरा अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय ने बी.टेक. एवं बी.टेक. (लीट) पाठ्यक्रमों की बची हुई/रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह अवसर विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभदायक है जिन्होंने एचएसटीईएस की प्रथम एवं द्वितीय काउंसलिंग में भाग लिया था, लेकिन प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके। पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले नए अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार बी.टेक. (सभी पाठ्यक्रमों) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 जुलाई से 30 जुलाई, 2026 तक तथा बी.टेक. (लीट) पाठ्यक्रमों के लिए 24 जुलाई से 30 जुलाई, 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। संस्थान स्तर की फिजिकल काउंसलिंग का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है, जो विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। संस्थान स्तर की फिजिकल काउंसलिंग 5 अगस्त, 2026 से प्रारंभ होगी।
बी.टेक. कार्यक्रमों में प्रवेश जेईई (मेन)-2026 की सीआरएल रैंक के आधार पर तथा बी.टेक. (लीट) पाठ्यक्रमों में प्रवेश ओसीईटी-2026 रैंक के आधार पर किया जाएगा। कश्मीरी प्रवासी, ट्यूशन फीस वेवर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा हरियाणा गवर्नमेंट स्कूल टॉपर श्रेणियों के अंतर्गत प्रवेश निर्धारित नियमों के अनुसार दिए जाएंगे। प्रथम संस्थान स्तर की काउंसलिंग में हरियाणा सरकार की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने हरियाणा के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरने से पूर्व अपना परिवार पहचान पत्र आईडी तैयार रखने की सलाह दी है। प्रवेश के लिए पीपीपी आईडी अनिवार्य है। अभ्यर्थियों का जाति, वार्षिक पारिवारिक आय एवं अन्य विवरण फैमिली इंफॉर्मेशन डेटा रिपॉजिटरी के माध्यम से सत्यापित किए जाएंगे। हरियाणा सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षण, आय आधारित लाभ अथवा फीस में रियायत केवल पीपीपी डाटाबेस में उपलब्ध सत्यापित विवरण के आधार पर ही प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पूर्व की काउंसलिंग में शामिल हुए थे लेकिन प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें रिक्त सीटों के लिए पुनः ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। रिक्त सीटों की नवीनतम स्थिति, काउंसलिंग कार्यक्रम तथा प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.jcboseust.ac.in पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने तथा रिक्त सीटों एवं काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखने का आग्रह किया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश संबंधी किसी भी जानकारी के लिए कार्यालय समय में विश्वविद्यालय की एडमिशन हेल्पलाइन 74289-54273 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा admissionhelp@jcboseust.ac.in पर ई-मेल भेजा जा सकता है।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश से संबंधित प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का ही अनुसरण करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अनधिकृत सूचना पर विश्वास न करें।



