वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में मीडिया विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि

जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग की 7 प्रविष्टियों का चयन

फरीदाबाद, 16 फरवरी (मनीष शर्मा)। जे.सी.बोस विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। यह फिल्म फेस्टिवल 26 और 27 फरवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभाग की कई लघु फिल्में और वीडियो आधिकारिक चयन में शामिल की गई हैं। जिसके लिए कुलगुरु, कुलसचिव, डीन, विभागाध्यक्ष और फैकल्टी ने मीडिया विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चयनित प्रविष्टियों में मुख्य रूप से ‘द बॉन्ड ऑफ हार्ट बीट’ (निर्देशक – धीरेन सिंह), ‘सीक्रेट डोनर’ (निर्देशक – पलक) और ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ (निर्देशक – जिया गर्ग) जैसी लघु फिल्मों को स्थान मिला है। इसके अतिरिक्त, ‘लेटर टू माय डोनर’ (रील – वान्या), ‘एक धड़कन’ (म्यूजिक वीडियो – मिहिका शर्मा), ‘निर्माण’ (मोटिवेशनल वीडियो – दीक्षा गर्ग) और ‘ऑर्गन डोनेशन’ (विज्ञापन – ऋचा जैन) को भी आधिकारिक चयन में शामिल किया गया है।

इन सभी लघु फिल्मों, विज्ञापन, वीडियो म्यूजिक और प्रेरक वीडियो में सामाजिक जागरूकता, भावनात्मक जुड़ाव और सकारात्मक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जो समाज में अंगदान और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में विशेष भूमिका निभाएंगी। इनके निर्माण प्रक्रिया में मीडिया विभाग की प्रोडक्शन टीम से वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रॉडक्शन सहायक पंकज सैनी, प्रोडक्शन सहायक विशाल बेरवाल और प्रोडक्शन सहायक अंजू सिंह का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा।

विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और रचनात्मक उत्कृष्टता को दर्शाती हैं। डीन प्रो.अनुराधा शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है। मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने भी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताई। वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिली यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और विभाग के लिए गर्व का विषय है और यह छात्रों को फिल्म निर्माण तथा मीडिया क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!