नशे के खिलाफ हरियाणा पुलिस का जागरूकता अभियान, 159 चालक प्रशिक्षणार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

बस अड्डा नूंह स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुआ एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद/नूंह। हरियाणा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत लगातार विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं उप महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान निरंतर जारी है।

इसी अभियान के अंतर्गत बस अड्डा नूंह स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र में चालक प्रशिक्षणार्थियों के लिए एक दिवसीय नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 159 चालक प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे के कारण व्यक्ति की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।

विशेष रूप से वाहन चालकों को समझाया गया कि वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे का सेवन बेहद खतरनाक है। नशे की स्थिति में चालक का वाहन पर नियंत्रण और सड़क पर परिस्थितियों को समझने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं घटित होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय पूरी तरह नशामुक्त रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में तोफिक अहमद, इंदरीश, भगत सिंह, इस्माइल, रती मोहम्मद, वली मोहम्मद तथा मोहम्मद फारुख सहित कुल 159 चालक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षणार्थियों को नशे से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया गया।

24 जुलाई से 27 अगस्त तक विशेष जागरूकता अभियान

चालक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित यह कार्यक्रम 24 जुलाई से 27 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष नशा जागरूकता अभियान का हिस्सा है। अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से लोगों को नशे की गिरफ्त में आने से रोकना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना भी है। इसी दिशा में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, युवाओं, वाहन चालकों और आम नागरिकों के बीच लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!