उपहार खरीदने के लिए 28 फरवरी तक खुला रहेगा उपहार पोर्टल सरकार ने लांच किया मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल : डीसी विक्रम सिंह

– कहा-उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में होगी प्रयोग

फरीदाबाद,14 जनवरी। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने जीवन में सादगी की एक और मिसाल प्रस्तुत करते हुए अपने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप भेंट किए गए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, लोक सम्पर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल ने गत दिवस उपहार पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया।

डीसी विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल के शुभारंभ बारे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने जीवन में मिले उपहारों की नीलामी पोर्टल के माध्यम से की है। इससे मिली धनराशि को नमामि गंगे सफाई अभियान में लगाया।

ऐसे में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच को आगे बढ़ाते हुए उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रयोग में लाने का निर्णय लिया है।

डीसी ने बताया कि रविवार से महानिदेशक डॉ. अमित कुमार अग्रवाल की देखरेख में ऑनलाईन पोर्टल cmuphaarhry.com की शुरूआत हो गई है। यह पोर्टल 28 फरवरी 2023 तक खुला रहेगा। उसके बाद साल में तीन या चार बार पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 51 उपहारों की नीलामी की जाएगी।

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि आमजन इस पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मिले उपहार खरीद सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!