साप्ताहिक जागरूकता अभियान के तीसरे चरण में छात्राओं को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक

फरीदाबाद : विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत तीसरे कार्यक्रम का आयोजन गवर्नमेंट मॉडल इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (महिला), ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-18 में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बी.के. सिविल अस्पताल, फरीदाबाद से अनुक्रम भाटी तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा फरीदाबाद द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र से प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना, अशोक, अमर एवं राजेश ने भाग लिया। वक्ताओं ने छात्राओं को तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य श्री सतीश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अवस्था में सही मार्गदर्शन और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कई बार विद्यार्थी गलत संगति, जिज्ञासा अथवा सामाजिक दबाव के कारण नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सभी छात्राओं से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं एवं उपचार सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
अंत में सभी छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने तंबाकू एवं नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ ली।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम साप्ताहिक जागरूकता अभियान का तीसरा सफल आयोजन रहा, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



