जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी किया दाखिला कार्यक्रम

- बीटेक (गणित और कंप्यूटिंग), बीसीए (डेटा साइंस), बीएससी (पर्यावरण विज्ञान) और बी.ए. (अंग्रेजी) के चार नए कोर्स

  • विश्वविद्यालय ने लागू की क्रेडिट ट्रांसफर नीति, अकादमिक क्रेडिट स्थानांतरण में होगी आसानी
  • नए शैक्षणिक सत्र से एक वर्षीय तथा दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रम भी शुरू
  • 1 मई से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा विश्वविद्यालय, अंतिम तिथि 31 मई 2026

फरीदाबाद, 15 अप्रैल : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय विभिन्न सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक (बीटेक को छोड़कर) तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 1 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय की दाखिला विवरणिका का औपचारिक अनावरण किया। इस अवसर पर डीन (शैक्षणिक मामले) प्रो. अतुल मिश्रा, निदेशक (एडमिशंस) प्रो. आशुतोष निगम निगम, उप-कुलसचिव (शैक्षणिक) डॉ. मेहा शर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी डीन तथा शिक्षण विभागों के अध्यक्षों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर कुलगुरु ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय चार नए स्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है, जिनमें बीटेक (गणित और कंप्यूटिंग) बीसीए (डेटा साइंस), बीएससी (पर्यावरण विज्ञान) और बी.ए. (अंग्रेजी) शामिल हैं। स्नातक कार्यक्रम (बीटेक को छोड़कर) राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रावधानों के अनुसार चलाए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय तीन वर्षीय तथा चार वर्षीय स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम प्रदान कर रहा है, जिसमें मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की सुविधा उपलब्ध है। छात्र चार वर्षीय ऑनर्स तथा ऑनर्स विद रिसर्च डिग्री प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही तीन वर्षीय स्नातक डिग्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। छात्र अपने मेजर डिग्री के साथ विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित किसी भी माइनर डिग्री कार्यक्रम का चयन कर सकते हैं।

इसी प्रकार, विश्वविद्यालय आगामी शैक्षणिक सत्र से एक वर्षीय तथा दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रम भी शुरू कर रहा है। इसके अलावा, राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क (एनसीआरएफ) तथा करिकुलम एंड क्रेडिट फ्रेमवर्क (सीसीएफ) के अंतर्गत क्रेडिट ट्रांसफर नीति लागू की गई है, जिससे छात्र विभिन्न संस्थानों या कार्यक्रमों के बीच अपनी अकादमिक क्रेडिट आसानी से स्थानांतरित कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी दाखिला कार्यक्रम के अनुसार, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा 1 जुलाई से 4 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे तथा परिणाम 8 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। प्रथम चरण की दाखिला काउंसलिंग (बीटेक को छोड़कर) 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी।

निदेशक (एडमिशंस) प्रो. आशुतोष निगम ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय 60 से अधिक पाठ्यक्रम प्रस्तुत कर रहा है, जिनमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक तथा स्नातकोत्तर कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बीटेक पाठ्यक्रमों में दाखिला केवल हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसाइटी (एचएसटीईएस) द्वारा आयोजित ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से होगा। इसका कार्यक्रम एचएसटीईएस की वेबसाइट www.hstes.org.in पर उपलब्ध होगा।विज्ञान, प्रबंधन, कला से संबंधित सभी स्नातक पाठ्यक्रमों तथा समस्त स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला विश्वविद्यालय स्तर पर होगा। स्नातक स्तर पर दाखिला पिछली योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर तथा स्नातकोत्तर स्तर पर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।

हरियाणा के छात्रों के लिए प्रवेश के समय परिवार पहचान पत्र (पीपीपी)/फैमिली आईडी अनिवार्य है तथा प्रथम फिजिकल/संस्थान स्तरीय काउंसलिंग के दौरान हरियाणा सरकार की आरक्षण नीति लागू होगी। दाखिला संबंधी किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए विश्वविद्यालय ने हेल्पलाइन नंबर 7428954273 तथा ईमेल admissions@jcboseust.ac.in शुरू किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!