जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने एनआईटीटीटीआर भोपाल के साथ किया समझौता
उभरते क्षेत्रों में मूक्स के माध्यम से शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देंगे दोनों संस्थान

फरीदाबाद, 28 अप्रैल : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर), भोपाल के साथ उभरते क्षेत्रों में मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज (मूक्स) के माध्यम से शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया हैं।
यह समझौता 27 अप्रैल, 2026 को जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की एनआईटीटीटीआर, भोपाल की एक दिवसीय यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित किया गया।
इस समझौते का उद्देश्य पाठ्यक्रम विकास, संकाय उन्नयन, डिजिटल लर्निंग पहल, विशेष रूप से भविष्य उन्मुख तकनीकों एवं बहुविषयक क्षेत्रों पर केंद्रित रहते हुए, कौशल संवर्धन कार्यक्रमों तथा संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
समझौते पर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. अतुल मिश्रा, डीन अकादमिक कार्य, तथा एनआईटीटीटीआर, भोपाल की ओर से डॉ. संजय अग्रवाल, डीन अकादमिक कार्य, ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता डॉ. चन्द्र चारु त्रिपाठी, निदेशक, तथा मेजर निशान कुमार, कुलसचिव, एनआईटीटीटीआर, भोपाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल में प्रो. आशुतोष दीक्षित, अध्यक्ष, कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग; प्रो. अंजू गुप्ता; तथा डॉ. श्रुति शर्मा, निदेशक, डिजिटल अफेयर्स एवं विश्वविद्यालय कंप्यूटर केंद्र शामिल रहे।
यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एनआईटीटीटीआर, भोपाल के विभिन्न अत्याधुनिक केंद्रों एवं सुविधाओं का अवलोकन किया। टीम ने सिमेन्स के सहयोग से स्थापित मुख्य सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा किया, जो डिजिटाइजेशन एवं इंडस्ट्री 4.0 पर केंद्रित है। यह केंद्र उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, उन्नत प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम तथा परियोजना आधारित शिक्षण प्रदान करता है। यहां आर्टिफिशल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और डेटा एनालिटिक्स जैसी विशेष प्रयोगशालाएं भी स्थापित हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने पीएलसी एवं ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, मेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक ड्राइव्स एवं मशीनें, 3डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स तथा एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग से संबंधित अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भी दौरा किया।
इस सहयोग पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि एनआईटीटीटीआर, भोपाल के साथ साझेदारी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा डिजिटल शिक्षण के नए अवसर प्रदान करेगी। संयुक्त मूक्स एवं उभरते क्षेत्रों में अकादमिक पहलों के माध्यम से विश्वविद्यालय शिक्षार्थियों को उद्योगोन्मुख ज्ञान और भविष्य के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम का समन्वयन एनआईटीटीटीआर, भोपाल के डॉ. संदीप शिवाजी केदार, प्रोफेसर, तथा श्रीमती अस्मिता ए. खजांची, एसोसिएट प्रोफेसर, द्वारा किया गया। यह सहयोग दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए नवाचार, ज्ञान आदान-प्रदान और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा।



