नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में अपराध शाखा NIT की टीम ने दो को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद – फरीदाबाद पुलिस द्वारा ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा NIT की टीम ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान प्रवेश वासी प्रताप नगर, नोर्थ दिल्ली व सन्नी वासी भगत सिंह नगर, हिसार हाल बुध बाजार, नगर दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार संजीत कुमार निवासी ददसीया, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी जान-पहचान आकाश नामक व्यक्ति से हुई थी। आकाश ने उसे भरोसा दिलाया कि वह लोगों को नौकरी दिलवाने का कार्य करता है। उसकी बातों में आकर उसने अपने साले को नौकरी दिलवाने के लिए 3,14,000 रुपये आकाश के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने अन्य नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को भी आकाश से मिलवाया। आरोपी आकाश ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 31,74,000 रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में थाना SGM नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी आकाश की मुलाकात शिकायतकर्ता से वर्ष 2022 में हुई थी। उसी दौरान उसने खुद को नौकरी दिलाने वाला बताकर विश्वास में लिया और अपने साथी प्रवेश, सन्नी व अन्य की मदद से धीरे-धीरे विभिन्न लोगों से पैसे ऐंठ लिए। मामले में आरोपित आकाश को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर 4 दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया।
वहीं आरोपित प्रेवश व सन्नी को माननीय न्यायलय में पेश कर तीन दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



